कासगंज। शनिवार को सहावर पुलिस द्वारा गांजा तस्कर पर की गई बड़ी कार्रवाई के बाद अब मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार किए गए तीनों तस्करों द्वारा प्रकाश में लाए गए दादा ठाकुर के बाद अब रामदास और बीके सिंह के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस मान रही है कि इन्हीं तीनों में से कोई इस गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड है।
सहावर पुलिस ने शनिवार को चांडी के समीप से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे लगभग पौने दो करोड़ रुपए के गांजे को जब्त किया और तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया। इन तस्करों ने पुलिस को बताया कि वह गांजा बरेली में दादा ठाकुर को देने जा रहे थे। इधर पुलिस दादा ठाकुर की तो तलाश कर ही रही है, इस बीच जांच में दो नाम और सामने आए हैं। आगरा के रामदास और मथुरा के बीके सिंह भी इस गैंग में शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने अब तक की जांच में यह नाम तो ढूंढ निकाले हैं, लेकिन तस्करों की तलाश अभी तक नहीं हो पाई है। तीनों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिशें दे रही हैं।
दादा ठाकुर के बाद रामदास और वीके सिंह के नाम सामने आए हैं। यह सभी गांजा तस्करी के गैंग में शामिल हैं। तीनों में से कोई न कोई इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड भी है। इन तीनों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इसके अलावा अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पता किया जा रहा है कि विशाखापट्टनम से यह गांजा कहां-कहां भेजा जाता था। अब तक तो यह सामने आया है कि गांजा उत्तराखंड में भेजा जाता था।- राजकुमार सिंह, थाना प्रभारी, सहावर।