आगरा में व्यापारी की हत्या के मामले में एक ऑडियो वायरल हुआ है। ये ऑडियो बल्केश्वर क्षेत्र के पार्षद से पूर्व में हुई बातचीत का है, जिसमें वे खुद की जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।
आगरा के कालिंदी विहार निवासी कारोबारी विनोद कुमार गुप्ता की हत्या के बाद से परिवार दहशत में हैं। उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने कमला नगर के एक दबंग के भी हत्या की साजिश में शामिल होने का शक जताया है। उसे पूर्व से ही जान का खतरा होने की बात कही है। हालांकि पुलिस ने दबंग को क्लीन चिट दे दी है।
ये है वायरल हुए ऑडियो में
कारोबारी की सोशल मीडिया पर हत्या से पहले के ऑडियो वायरल हुए हैं, जिसमें वो बल्केश्वर क्षेत्र के एक पार्षद से बात करते हुए दबंग से जान का खतरा जता रहे हैं। विनोद गुप्ता और बल्केश्वर क्षेत्र के पार्षद हरिओम गोयल का ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें कारोबारी ने पार्षद से यही कहा कि दबंग उनकी काॅलोनी में 23 जुलाई को चक्कर काट रहा था। इस मामले में थाना कमला नगर में मुकदमा दर्ज कराया। मगर, कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व में दबंग ने कारोबारी से मारपीट की थी। उससे जान का खतरा है। परिजनों ने दबंग की जांच की गुहार पुलिस अधिकारियों से लगाई है। दहशत में परिवार अपना घर भी छोड़ने की बात कर रहा है। उधर, एसीपी छत्ता आरके सिंह का कहना है कि मामले में विवेचना की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।