युवक का शव बरामद होने के बाद ईसन नदी पुल पर आक्रोशित लोगों द्वारा लगाया गया जाम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। भोगांव रोड के पास शनिवार को एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला था। पुलिस उसकी शनाख्त कराने में नाकाम रही। देर रात मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मोहनपुर निवासी अतुल के रूप में की। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने ईशन नदी पुल पर हत्या के विरोध में जाम लगा दिया। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। परिजन एक मेडिकल स्टोर संचालक पर युवक की हत्या करने का आरोप लगा रहे थे।
युवक की हत्या की सूचना पर मोहनपुर गांव निवासी विमलेश ने शनिवार की देर रात मोर्चरी पहुंच कर शव की शनाख्त पुत्र अतुल कुमार के रूप में की थी। विमलेश ने तहरीर देकर रामबाग स्थित साईं मेडिकल स्टोर के संचालक हिमांशु अरोरा और रज्जू अरोरा पर अन्य पर हत्या का आरोप लगाया। कहा कि उनका बेटा मेडिकल पर काम करता था। उक्त लोग उसका वेतन नहीं दे रहे थे। रुपये मांगने पर मारपीट करते थे। 28 जून को जब वेतन मांगा तो आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की, उसका मोबाइल, बैग, टिफिन व साइकिल रख ली। कहा कि चोरी के आरोप में जेल भिजवाएंगे।
पुत्र के घर न आने के बाद जब तलाश करने हिमांशु अरोरा के घर गए तो दरवाजा नहीं खोला। शनिवार की देर रात उन्हें मौत की जानकारी हुई। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जब पोस्टमार्टम आने के बाद कार्रवाई की बात कही तो परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। सभी ईशन नदी पुल पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। करीब एक घंटा तक जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही है। एएसपी ओमप्रकाश सिंह, एसडीएम रजनीकांत, सीओ सिटी अभय नरायन राय मौके पहुंच गए। आक्रोशित लोगों को शांत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जाम खोलने के बाद भीड़ शहर कोतवाली पहुंची। पुलिस ने आनन फानन में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
राहगीरों से हुई झड़प
जाम लगाकर हंगामा कर रही भीड़ कई बार राहगीरों से बिगड़ गई। कुछ लोग जाम के दौरान एक ओर से दूसरी ओर निकलने का प्रयास करने लगे। लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उन्हें निकलने नहीं दिया। एक समय भीड़ की तादाद पुलिस से काफी अधिक थी, उस समय भीड़ इतनी उग्र हो गई थी कि पुलिस पर हमला भी कर सकती थी। लेकिन सीओ सिटी व चौकी इंचार्ज अमित सिंह की सूझबूझ से स्थिति काबू में आ सकी।