मैनपुरी। पुलिस ने शनिवार को प्रेमी युगल हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों की हत्या युवती के चचेरे भाइयों ने लाठी से पीट पीट कर की थी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, तीन अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। 24 जून को दोनों के शव गांव के बाहर झाड़ियों से बरामद हुए थे।
एएसपी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी पाल सिंह की पुत्री कोमल व गांव निवासी केशव सिंह के पुत्र अमन के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को लग गई थी। इस बीच परिजनों ने कोमल की शादी तय कर दी तो अमन परेशान हो गया। 20 जून को दोनों खेत में मिलने के लिए पहुंचे तो पीछे से चचेरा भाई मोहित, राहुल परिवार के ही विपिन, अरविंद और मानसिंह के साथ पहुंच गए।
झाड़ियों में दोनों को देख होश खो बैठे थे परिजन
झाड़ियों में दोनों को देख वे सभी होश खो बैठे। इसके बाद दोनों की लाठी-डंडों से सिर में कई वार कर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपने घर चले गए और युवती को ढूंढने का नाटक करने लगे थे। 24 जून को जब प्रेमी युगल के शव बरामद हुए तो सभी आरोपी गांव से भाग चुके थे।
मोहित पर सख्ती से सामने आई सच्चाई
युवती के पिता, भाई व कुछ अन्य परिजनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही थी। मोहित की गिरफ्तारी होने के बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने ही विपिन, अरविंद, मानसिंह और राहुल के साथ मिलकर हत्या की है। बताया कि बहन के इस कृत्य से काफी बदनामी हो रही थी। रविवार को एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि भागे हुए तीन आरोपी मानसिंह, अरविंद और राहुल की तलाश में लगातार दबिश दी जा रहीं हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
हत्या में प्रयुक्त दो डंडा बरामद
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही प्रेमी युगल की हत्या में प्रयुक्त दो डंडा भी बरामद किए हैं। एएसपी ने बताया कि मृतक के पास घटना के समय तमंचा भी था, जिसे आरोपी ले गए थे। मगर कारतूस मृतक की जेब में ही पड़े रह गए थे।
माता-पिता को नहीं थी जानकारी
मृतका के माता-पिता व भाई पूरे घटनाक्रम से अंजान थे। उन्हें नहीं पता था कि पुत्री व प्रेमी की हत्या उनके ही परिवार के लोगों ने की है। एएसपी ने बताया कि परिजनों को कोई जानकारी नहीं थी। उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं रहा।
सच हुई ऑनर किलिंग की आशंका
अमर उजाला ने 25 जून के अंक में प्रकाशित खबर में ऑनर किलिंग की आशंका व्यक्त की थी। प्रेमी युगल के हत्यारोपी पकड़े जाने के बाद आशंका सच साबित हुई है। चचेरे भाइयों द्वारा समाज में हो रही बदनामी के चलते ही वारदात को अंजाम देने की बात कबूली गई।