आगरा में नगर निगम कुत्तों की नसबंदी करा रहा है। अब निगम ने एक दिन में नसबंदी कराने का लक्ष्य बढ़ाकर 120 कर दिया है। शहर में कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं पर निगम ने यह लक्ष्य बढ़ाया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में संजय प्लेस में कुत्तों के हमले से एक बच्ची घायल हो गई। इस घटना को देखते हुए नगर निगम ने एक और फैसला किया है। अब शहर के तीनों जोन में कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य बढ़ाकर 120 कर दिया गया है। अभी तक यह 60 से 70 कुत्तों में की जाती थी।
विज्ञापन
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा है कि हर दिन 120 से ज्यादा कुत्तों को पकड़कर नसबंदी की जाए। विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर 29 अप्रैल को नगर निगम एक साथ एक ही दिन में 500 कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी कराएगा। एनजीओ की भी मदद ली जाएगी।
रेबीज का इंजेक्शन भी नहीं मिल पा रहा
शहर में कुत्तों के आतंक और उनके काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गर्मी में कुत्तों के आक्रामक होने के कारण हर माह चार हजार तक कुत्ते काटने के केस जिला अस्पताल में आ रहे हैं, जहां रेबीज का इंजेक्शन भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
120 कुत्तों की नसबंदी हर दिन होगी
दहतोरा के बाद संजय प्लेस में बच्ची को काटने की घटना पर नगर आयुक्त ने शहर के तीनों जोन में 120 कुत्तों की नसबंदी हर दिन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर कम से कम 500 बेसहारा कुत्तों को पकड़कर नसबंदी की जाएगी। उन्हें उसी इलाके में वापस छोड़ दिया जाएगा।