उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शनिवार की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि युवती सहित दो लोग घायल हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस चालक और ईएमटी ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
हादसा शिकोहाबाद कोतवाली क्षेत्र में आरोंज के पास हाईवे पर हुआ। यहां शनिवार को ईद पर्व मनाया जा रहा है। इसी बीच नैनी ग्लास निवासी फैजान बाइक से दोस्तों से मिलने और ईद की बधाई देने निकला। हाईवे पर सामने से जलोपुरा टूंडला निवासी शिवम (30) अपनी बाइक पर आ रहा था।
बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत
आरोंज के पास दोनों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दोनों बाइकों में सवार युवती सहित चार लोग वहीं गिरकर घायल हो गए। हादसा देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से बात करके जानकारी ली।
घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल
इससे पहले मौके पर पहुंचे एंबुलेंस चालक और ईएमटी ने घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने फैजान और शिवम को मृत घोषित कर दिया। जबकि युवती सहित दो लोगों को गंभीर हालात में भर्ती किया गया है। खबर पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।