बेटी को देखने आए मां को पीटकर किया घायल
ससुरालीजन के खिलाफ पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। थाना क्षेत्र की अहिंसा कॉलोनी निवासी विवाहिता पुत्री से मिलने आई मां को ससुरालीजन ने गाली-गलौज करते हुए पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। एडीजी आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
अहिंसा कॉलोनी की रहने वाली सुमन उर्फ रौली तिवारी ने एडीजी को शिकायती पत्र भेजा। इसमें कहा कि उसकी शादी 18 फरवरी 2017 को विशाल तिवारी के साथ हुई है। शादी के कुछ समय बाद ही अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग की जाने लगी। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसे मारा पीटा जाता। पति विशाल, ससुर संतोष तिवारी, सास अनीता तिवारी, ननद राधिका, चचिया ससुर नीरज, ददिया सास विधावती आए दिन ताना देते और प्रताड़ित करते हैं। 8 दिसंबर 2023 को वह मां से फोन पर बात कर रही थी। तभी पति ने मोबाइल छीन कर तोड़ दिया। 19 दिसंबर को मां विनीता देवी मिलने के लिए आई तो ससुरालीजन ने उसे व मां को पीटना शुरू कर दिया। पति ने मां को माेबाइल छीन कर तोड़ दिया। थाना पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। एडीजी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।