बाइक और मोपेड की भिडंत में युवक की मौत
तीन गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज रेफर, देवी रोड पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर में देवी रोड पर सोमवार की शाम सामने से आ रही बाइक ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में एक युवक ने दम तोड़ दिया। तीन घायलों को मेडिकल काॅलेज सैफई रेफर किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
काेतवाली क्षेत्र के राजीव गांधी नगर निवासी आशिक शाक्य (20) सोमवार की शाम मोपेड से साथी कुलदीप निवासी कस्बा घिरोर के साथ माता शीतला देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। देवी रोड पर नगरिया बाईपास पर सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में आशिक, कुलदीप और बाइक सवार राजेश निवासी जसवंतपुर थाना दन्नाहार और सोनू निवासी राजीव गांधी नगर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने आशिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए कुलदीप, सोनू और राजेश को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। हादसे में युवक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया।