ताज का दीदार करने आए आस्ट्रेलिया के पर्यटक से मनी एक्सचेंजर ने अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर उनके गाइड से बदसलूकी की। इस मामले में शिकायत के बाद पर्यटन पुलिस जांच में जुटी है।
आगरा भ्रमण करने आए ऑस्ट्रेलिया के पर्यटक ने मनी एक्सचेंज पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गाइड ने इसका विरोध किया तो उसके साथ भी बदसलूकी की गई। ताजगंज थाने में पर्यटक ने शिकायत की है। पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
यहां की घटना
ऑस्ट्रेलिया की पर्यटक एमली ने बताया कि बृहस्पतिवार को करेंसी बदलवाने के लिए वह ताजगंज के मनी एक्सचेंजर के पास पहुंचे थे। एंपोरियम संचालक ने एक यूरो के 92 रुपये देने के लिए कहा, इस पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में 94 रुपये मिल रहे हैं।
अभद्र व्यवहार किया
एंपोरियम संचालक ने इतने पैसे देने से मना किया तो उनके गाइड राहुल शर्मा ने कहा कि आपको कहीं और ले चलता हूं। इस पर एंपोरियम संचालक ने गाइड के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। इसके बाद हम वहां से वापस चले आए।
पर्यटन पुलिस का क्या है कहना
वहीं, थाना पर्यटन पुलिस का कहना है कि इस मामले में पर्यटक की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। गाइड को भी बयान के लिए बुलाया गया है। कहासुनी गाइड और संचालक के बीच हुई थी, पर्यटक के साथ नहीं हुई।