मैनपुरी। विकासखंड बेवर की ग्रामसभा तिगवां के गांव हसनपुर मल्लामई में शनिवार को विधायक भोगांव नहीं पहुंचे। ग्रामीण विधायक के आने का इंतजार ही करते रहे। गांव के पूर्व प्रधान ने सीडीओ सहित विधायक से शिकायत करके चहेतों के मकान के पास सरकारी सोलर लाइटें लगवाने की तीन दिन पहले शिकायत की थी।
पूर्व प्रधान दुर्वीन सिंह ने शिकायत में कहा था कि गांव हसनपुर मल्लामई प्रधानमंत्री आदर्श योजना में सरकार द्वारा चयनित है। हसनपुर मल्लामई के लिए समाज कल्याण विभाग अनुसूचित जाति वित्त निगम लिमिटेड द्वारा 16 सोलर लाइटें सार्वजनिक स्थानों पर लगवाने के लिए भेजी थीं। प्रधान द्वारा प्रमुख चौराहों और तिराहों पर यह लाइटें लगवाने की जगह अपने चहेतों के मकान के पास लगवाई जा रही हैं। इस तरह से इनका लाभ आम लोगों को नहीं मिल सकेगा।
पूर्व प्रधान ने बताया कि विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने शनिवार को गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया था। ग्रामीण शनिवार को विधायक के गांव में आने का इंतजार ही करते रहे। शाम तक विधायक गांव नहीं पहुंचे। पूर्व प्रधान ने बताया कि सोमवार को वह डीएम से शिकायत करके जांच कराकर कार्रवाई करने और सोलर लाइटें सार्वजनिक स्थानों पर लगवाने की मांग करेंगे।
वहीं विधायक रामनरेश अग्निहोत्री से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि व्यस्तता के चलते वे नहीं पहुंच सके। जल्द ही वे गांव जाकर लोगों से बात करेंगे।