किशनी। स्टैंड में बस न लाने का समाचार प्रकाशित होने के बाद इटावा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बसों को स्टैंड में न ले जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पिछले कुछ दिनों से डिपो के निगम व अनुबंधित बस चालक बसों को बाहर से निकालकर ले जाते थे। इससे सवारियों को वाहन के इंतजार में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत पारस गुप्ता, राहुल गुप्ता, प्रशांत तिवारी, जावेद खान, रमाकांत गुप्ता, दीपेंद्र चौहान ने इटावा डिपो के आरएम व एआरएम से शुक्रवार को की थी।
शनिवार को समाचार प्रमुखता से प्रकाशित हुआ। इसका संज्ञान लेने के बाद शनिवार को इटावा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक देवेंद्र मुरारी सक्सेना ने इटावा फर्रुखाबाद मार्ग पर चलने वाले चालकों को पत्र जारी किया। बसों को परिसर के अंदर ले जाकर वहां तैनात निगम कार्मिक से पत्र पर मुहर लगवाने के निर्देश दिए। ऐसा न करने पर संबंधित के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी। शनिवार को रोडवेज बसें परिसर के अंदर से सवारियां लेतीं नजर आईं।
दिल्ली मार्ग पर चार बसों का संचालन शुरू
मैनपुरी। लोकसभा चुनाव के लिए मैनपुरी डिपो की प्रशासन द्वारा अधिग्रहीत की गई चार बसें शुक्रवार की देर शाम वापस कार्यशाला पहुंच गई। बसों का शनिवार से दिल्ली मार्ग पर संचालन शुरू करा दिया गया। दिल्ली मार्ग पर चार बसें बढ़ने से दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिली है।
लोकसभा चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने मैनपुरी डिपो की चार बसों को अप्रैल के अंत में अधिग्रहीत कर लिया था। बसें अधिग्रहीत होने से दिल्ली मार्ग पर बसों की संख्या कम हो गई थी। तीसरे चरण के चुनाव के बाद मैनपुरी डिपो की 18 और बसों को चुनाव कराने के लिए भेज दिया गया। इसके चलते दिल्ली मार्ग पर बसों की संख्या कम हो गई है। बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चुनाव के लिए प्रशासन द्वारा अधिग्रहीत की गई चार बसें शुक्रवार की देर शाम वर्कशाप पहुंच गई। वर्कशाप में पहुंची चार बसों का शनिवार से दिल्ली मार्ग पर संचालन शुरू करा दिया गया।
प्रशासन द्वारा अधिग्रहीत की गई चार बसें वापस आ गई हैं। शनिवार से उनका दिल्ली मार्ग पर संचालन शुरू हो गया है। 18 बसें अभी भी चुनाव कराने के लिए गई हुई हैं। ये बसें दो मई की शाम से वर्कशाप पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। - संजीव कुमार, एआरएम मैनपुरी डिपो