आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने शनिवार रात को दो घरों को निशाना बनाया। दोनों वारदात में बदमाशों ने घरवालों को बंधक बनाकर लूटपाट की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
आगरा के ट्रांसयमुना कॉलोनी में शनिवार रात 11:45 बजे एक निजी अस्पताल की नर्स सरिता के घर में मास्क पहने दो बदमाशों ने धावा बोल दिया। नर्स ड्यूटी पर थीं। उनकी 65 वर्षीय मां अशरफी देवी साहस दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गईं।
विज्ञापन
शोर सुनकर घर में मौजूद नर्स की चाची 72 वर्षीय अंगूरी देवी और 15 वर्षीय बेटा हनी बाहर आया। इस पर बदमाशों ने तीनों पर हमला बोल दिया। अशरफी देवी और हनी ने कमरे में बंद होकर नर्स को फोन कर दिया। इस पर बदमाश पर्स लेकर भाग निकले। पर्स में दो हजार रुपये, एटीएम कार्ड और कागजात रखे थे।
प्रिया हॉस्पिटल की नर्स सरिता ट्रांसयमुना कॉलोनी के एफ ब्लॉक में रहती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी रात की ड्यूटी लगी थी। उनके घर में रात में सबसे पहले एक बदमाश दीवार फांदकर अंदर आया। कूदने की आवाज सुनकर कमरे में सो रही मां बाहर आ गईं।
विज्ञापन
बुजुर्ग महिला को पीटा
इस पर बदमाशों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। वह बचकर भागीं, एक बदमाश ने घर में रखे पाइप को उठाकर उन्हें मारना शुरू कर दिया। उनका शोर सुनकर अंदर सो रही चाची अंगूरी देवी और बेटा हनी आ गए।
दोनों बदमाशों ने उनपर भी हमला बोल दिया। घर के पालतू कुत्ते भौंकने लगे। बदमाशों ने अंगूरी देवी को पकड़ लिया और साथ लाए टेप से हाथ, पैर और मुंह को बांध दिया। इस दौरान अशरफी देवी और हनी अंदर के कमरे में बंद हो गए।
यह देखकर बदमाशों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन हनी ने उनको (नर्स को) फोन कर दिया। उनसे जल्दी घर आने के लिए बोला। यह बात बदमाशों ने भी सुन ली। लोगों के आने के डर से वो भाग गए। जाते समय एक पर्स उठाकर ले गए। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। मगर, बदमाशों का पता नहीं चल सका।
बदमाशों से 15 मिनट तक जूझती रहीं मां और चाची
ट्रांसयमुना कॉलोनी निवासी नर्स सरिता की मां अशरफी देवी और चाची अंगूरी देवी 15 मिनट तक दोनों बदमाशों से जूझती रहीं। अशरफी देवी ने बताया कि बदमाशों ने सबसे पहले पर उन पर हमला बोला था। वो पाइप उठाकर बदमाशों को मारना चाहती थीं। इससे पहले ही एक बदमाश ने पाइप उठा लिया। इसके बाद वो उनको पीटने लगा।
उनका शोर सुनकर अंदर के कमरे से अंगूरी देवी और हनी आ गए। दोनों को डर था कि बदमाश हनी के साथ कोई वारदात कर सकते हैं। इसलिए उन्होंने पहले हनी को अंदर भगाया। इस पर बदमाशों ने अंगूरी देवी को पकड़ लिया। मौका पाकर वह भी नाती के साथ कमरे में छिप गईं। गेट अंदर से बंद कर लिया। इसके बावजूद बदमाश पांच मिनट तक दरवाजा खटखटाते रहे।
बदमाशों ने की रेकी
पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले रेकी की गई। बदमाशों को पहले से पता था कि नर्स की ड्यूटी रात में लग रही है। उनकी मां और चाची 16 साल के नाती के साथ अकेली रहती हैं। तभी तो वो पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनके पास टेप के साथ ही रस्सी भी थी, जिससे वो दोनों को बांध सकते थे। मगर, सफल नहीं हो सके।
बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज और स्केच जारी
पुलिस ने सूचना मिलने पर बदमाशों की तलाश की। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। इसमें बदमाश नजर आ गए। उनके चेहरे साफ नहीं है। पुलिस ने अशरफी देवी और अंगूरी देवी से पूछताछ के बाद बदमाशों के स्केच भी बनवाए। इनमें एक बदमाश का स्केच जारी किया। उसके घुंघराले बाल हैं।
चेहरे पर मास्क भी पहन रखा है। स्केच को सोशल मीडिया पर डाला गया है, जिससे बदमाशों की पहचान की जा सके। सीओ छत्ता दीक्षा सिंह ने बताया कि घर में घुसकर लूटपाट की गई है। बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज से तलाश की जा रही है। स्केच भी बनवाए गए हैं। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
कालिंदी विहार में भी हुई चोरी
शनिवार रात को ही थाना एत्माद्दौला के कालिंदी विहार में बदमाशों ने सत्यवीर के घर को निशाना बनाया। सत्यवीर ने बताया कि रात करीब तीन बजे वह टॉयलेट जाने के लिए उठे। जब कमरे का दरवाजा खोला तो वो बाहर से बंद था।
दरवाजा बंद होने पर उन्होंने परिवार के सदस्यों को जगाया। घर में देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस को सूचना दी। सत्यवीर ने बताया बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपए के आभूषण और पांच हजार रुपए ले गए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।