स्कॉर्पियो लूट के सीसीटीवी फुटेज मिले
- फोटो : वीडियो से ली गई तस्वीर
आगरा में हाथरस रोड स्थित टेढ़ी बगिया पर सोमवार रात को होटल के बाहर तीन बदमाशों ने मैनपुरी के प्रधान अजब सिंह की स्कॉर्पियो लूट ली। प्रधान की कार को उनके दो दोस्त लेकर आए थे। तभी बदमाश आए। एक दोस्त को पीटा, दूसरा बचाने आया तो उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। पीड़ित ने फाउंड्री नगर पुलिस चौकी पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं।
मैनपुरी के किशनी स्थित हुसैनपुरा निवासी ग्राम प्रधान अजब सिंह को डेंगू हो गया है। सोमवार शाम को उनके दोस्त रोजगार सेवक अनिल कुमार और औसान सिंह स्कॉर्पियो से उन्हें आगरा लाए थे। एत्माद्दौला के टेढ़ी बगिया स्थित एक अस्पताल में अजब सिंह को भर्ती करा दिया। इसके बाद अनिल और औसान सिंह रात तकरीबन 10:00 बजे खाना खाने के लिए अस्पताल से स्कॉर्पियो लेकर अन्नपूर्णा होटल आए थे।
अनिल कुमार गाड़ी से उतरकर ढाबे की ओर जा रहे थे जबकि औसान सिंह गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर ही बैठे थे। तभी तीन बदमाशों ने औसान को घेर लिया। उनसे मारपीट करने लगे। सिर में पिस्टल की बट मारी। गोली मारने की धमकी देकर स्कॉर्पियो गाड़ी की चाबी ले ली। बदमाशों से बचने के लिए औसान सिंह उतरकर पीछे की ओर भागे। तभी अनिल कुमार भी पहुंच गए। अनिल ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया। तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर खंदौली की ओर भाग गए।
अनिल कुमार ने राहगीर के मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर कॉल किया। कॉल रिसीव नहीं हुई। बाद में राहगीर की बाइक पर बैठकर अनिल फाउंड्री नगर पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए वायरलेस पर मैसेज कराया लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
सीसीटीवी से बदमाशों से तस्वीर मिली
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में घटना कैद हो गई है। थाना एत्माद्दौला देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। होटल के सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की तस्वीर मिली है। इस पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। इसके लिए टीम को लगाया गया है।
आगरा: चिकित्सा मंत्री का तंज, प्रियंका को गंभीरता से नहीं लेती जनता, राजस्थान-छत्तीसगढ़ में शुरू कराएं योजनाएं