लूट की घटना के बाद मौके पर जांच पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में सोमवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर महिला से आभूषण लूट लिए। महिला के साथ मौजूद उसके भाई की कनपटी पर तमंचा रख दिया। डर की वजह से वह बदमाशों का विरोध भी नहीं कर सका। लूट करने के बाद तमंचा लहराते हुए बदमाश मौके से फरार हो गए। लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की खबर के मिलते ही पुलिस के पसीने छूट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शिकोहाबाद के नगला जवाहर निवासी प्रेमप्रकाश ने अपनी बेटी सुमन की शादी हाथरस के सुल्तानपुर में की है। सुमन मायके में आई हुई थी। बताया गया है कि सोमवार को सुमन अपने भाई अमित व भाभी आशी के साथ बाजार दवा लेने गई थी। अमित दवा दिलाकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी आमरी की पुलिया के समीप बाइक का पीछा करते आ रहे दो लुटेरों ने तमंचे के बल पर बाइक को रुकवा लिया।
मंगलसूत्र भी नहीं छोड़ा
बदमाशों ने अमित की कनपटी पर तमंचा लगाकर उसकी बहन के आभूषण उतरवा लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। दहशत में आया अमित कुछ भी नहीं कर सका। बदमाशों ने उसके सामने ही बहन का मंगलसूत्र, झाले और एक सोने की चेन लूट ली। लुटेरे घटना के बाद तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
शीघ्र गिरफ्तार होंगे लुटेरे
मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित ने घटना की तहरीर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ दी है। सीओ कमलेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कर लुटेरों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।