आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद मार्ग पर पिन्नापुरा के पास बदमाशों ने युवक की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई कर 20 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। पिटाई से बेहोश होने पर उसे सड़क किनारे खाई में फेंककर बदमाश भाग निकले। सुबह युवक को होश में आने पर वारदात की जानकारी हुई। पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
विज्ञापन
यहां का है मामला
फिरोजाबाद के थाना बसई मोहम्मदपुर के गांव नसीरपुर निवासी देवकरन ने पुलिस को बताया कि वह धौलपुर के खोआ प्लांट में नौकरी करता है। शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे ड्यूटी से घर लौट रहा था। पिन्नापुरा मोड़ के पास वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी तीन युवक आए और उसे पकड़कर जबरन सड़क किनारे खाई में ले गए। वहां उसे पटककर बेल्ट से बेरहमी से पिटाई। पीटने के साथ ही जेब में रखे 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया।
रातभर बेहोश पड़ा रहा
पिटाई से बेहोश हो जाने पर उसे खाई में फेंककर भाग निकले। वह रातभर सड़क किनारे खाई में बेहोश पड़ा रखा। सुबह होश आने पर किसी तरह निकलकर घर पहुंचा और घटना की जानकारी परिजन को दी। सुबह घरवालों के साथ थाना फतेहाबाद पहुंचा और पुलिस को बताया। पुलिस ने पीड़ित के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया है।
मामले का जांच कर रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद देवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित ने घटना की मौखिक जानकारी दी। उसका मोबाइल सर्विलांस पर लगाया गया है। मौके पर दरोगा को भेजकर घटना की जांच कराई गई है। बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।