एटा कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित गांव नगला मुरली में उधारी के पांच लाख रुपये मांगने पर दबंगों ने महिला की गर्दन पर रिवॉल्वर रखकर पिटाई की। जब पति बचाने आया तो उसको भी पीटा गया। महिला ने गांव के ही पिता-पुत्रों सहित चार के खिलाफ जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ये है मामला
पीड़िता सोनवती ने गांव के वीरेश, उसके भाई भानु, राजेश और भतीजे जितेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने कहा कि वीरेश प्रोपर्टी डीलिंग का काम करता है। 3 मार्च 2020 को चार लाख और 23 सितंबर 2020 को एक लाख रुपये उधार लिए थे। दो वर्ष बाद उधार दी गई रकम मांगी तो वीरेश टालमटोल करने लगा और रकम लौटाने का आश्वासन देता रहा। बाद में उसने मलावन में स्थित एक प्लॉट लेने के लिए कहा। दूरी अधिक होने के चलते हमने लेने से इन्कार कर दिया।
ये भी पढ़ें - आगरा: राजामंडी स्टेशन के घुमाव जानलेवा, प्रख्यात चिकित्सक की ट्रेन से कटकर हुई मौत के बाद उठे सवाल
घर में घुसकर की मारपीट
आरोप है कि 23 अक्तूबर की सुबह करीब नौ बजे वीरेश अपने भाइयों व भतीजे के साथ लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। कहा कि तेरे रुपये नहीं दूंगा, तुझे जो करना है कर लेना। जब विरोध किया तो भानु व जितेंद्र ने रिवॉल्वर गर्दन पर लगा दी और कहा कि दोबारा रुपये मांगे तो जान से मार दूंगा। इसके बाद चारों ने मिलकर पीटना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें - यूपी: ताजमहल हो या फिर सिकंदरा, हो-हो बसों में मिलेगा इन स्मारकों का भी टिकट; शुरू हो रही नई व्यवस्था
जांच कर रही पुलिस
इस दौरान पति राजाराम व बेटा बचाने आए तो उनको भी पीटा। कोतवाली प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि 'मेरे आने से पहले ही तहरीर दी गई थी। उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जाएगी।'