मैनपुरी। थाना भोगांव के गांव बरा सूरजुपर में मंगलवार को परिवार वालों द्वारा की जा रही एक किशोरी की शादी बाल संरक्षण अधिकारी और बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष ने रुकवा दी। किशोरी के माता-पिता को हिदायत दी कि उसके बालिग होने तक शादी नहीं की जाएगी। किशोरी की इस बीच सही तरीके से देखभाल की जाएगी।
मंगलवार को बाल संरक्षण अधिकारी अलका मिश्रा तथा बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मंजू चतुर्वेदी थाना भोगांव के गांव बरा सूरजपुर पहुंची। उनको शिकायत मिली थी कि बरा सूरजपुर में एक किशोरी की शादी उसके माता-पिता द्वारा की जा रही है। पुलिस के साथ गांव पहुंची टीम को पता चला कि एक किशोरी की बरात औंछा से आ रही है। टीम ने जब किशोरी के बारे में जानकारी की तो पता चला कि किशोरी की जन्म तिथि 11 जुलाई 2004 है। किशोरी साबित होने पर टीम ने उसके माता पिता को हिदायत दी कि किशोरी का विवाह न करें।
विवाह करने पर बाल विवाह के दोषी होंगे। टीम ने इस संबंध में थानाध्यक्ष औंछा को भी सूचना देकर बरात को रोकने को कहा। किशोरी के माता-पिता से साफ कहा कि किशोरी के बालिग होने तक उसकी शादी नहीं करेंगे। किशोरी की इस बीच सही तरीके से देखभाल भी करेंगे। टीम में चाइल्ड हेल्प लाइन के कोआर्डीनेटर राजीव, सदस्य पूजा भी शामिल रहे।