19एमएनपी-28-कुसमरा के गांव मधुकरपुर में माइन की खंदी कटने से जलमग्र हुई फसल
- फोटो : MAINPURI
कुसमरा। बेवर की मझोला नहर के बझेरा माइनर में खंदी कट जाने से किसानों की दो सैकड़ा बीघा से अधिक गेंहू व सरसों की फसल जलमग्न हो गई। फसल नष्ट होने से किसान परेशान हैं। नहर विभाग की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। किसानों ने रविवार को माइनर के पास प्रदर्शन किया।
विकास खंड बेवर की ग्राम पंचायत मधुकरपुर के समीप से गुजर रहे बझेरा माइनर में खंदी कट जाने से फसल डूब गई। किसानों का आरोप है सिंचाई विभाग को सूचना दिए जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। किसान महेश सिंह ने बताया खंदी दो दिनों से कटी है। गांव के लोगों ने कई बार पानी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। विनीत मिश्रा ने बताया कि नहर विभाग के लोगों को सूचना दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रंजीत सिंह का कहना है सफाई के नाम पर सिर्फ ठेकेदार ने खानापूर्ति की है।
अगर माइनर की सही ढंग से सफाई हो जाती तो किसानों की फसल बरबाद नहीं होती। चरण सिंह ने कहा कि आगे माइनर को किसानों ने अवरूद्ध कर रखा है। माइनर उफान पर है और खंदी कट जाती है। किसानों ने प्रदर्शन करके डीएम से खंदी बंद कराने की मांग की।