कासगंज। नए पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने के भुगतान की रफ्तार धीमी है। 54 करोड़ रुपये के बकाए में से अब तक मात्र 1.2 करोड़ रुपये का भुगतान ही चीनी मिल कर सकी है। वह भी तब जब बीते दिनों गन्ना विभाग द्वारा चीनी मिल को नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। तब यह आंशिक प्रगति हुई है।
न्यौली चीनी मिल ने जिले के गन्ना किसानों के साथ बदायूं और अलीगढ़ जनपद के किसानों का गन्ना भी इस पेराई सत्र में खरीदा था। गन्ने की पेराई व्यवस्थित रूप से हुई उसके बाद चीनी भी तैयार हो गई, लेकिन चीनी मिल किसानों के बकाया भुगतान को लेकर गंभीर नहीं दिखी। पिछले दिनों तक मात्र बकाए का 15 प्रतिशत भुगतान हुआ था। पिछले सप्ताह चीनी मिल को गन्ना विभाग ने नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी। तब आंशिक प्रगति हुई है और अब कुल बकाए का 20 प्रतिशत तक भुगतान हो गया है।
आंकड़े की नजर से-
- 17 लाख क्विंटल गन्ना मिल ने खरीदा।
- 54 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया।
- 1.2 करोड़ रुपये अब तक भुगतान।
- 52.98 करोड़ रुपये है अभी बकाया।
- न्यौली चीनी मिल ने नोटिस के बाद से भुगतान की प्रगति बढ़ाई है। 20 प्रतिशत तक भुगतान चीनी मिल ने अब तक कर दिया है। फिर भी चीनी मिल पर निरंतर दबाव बनाया जा रहा है कि वे किसानों का भुगतान करे।- ओम प्रकाश यादव, जिला गन्ना अधिकारी।