आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में एमडी फाइनल की छात्रा परमजीत जिंदगी की जंग हार गईं। सात दिन इलाज के बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों ने थाना कोतवाली पुलिस को उनकी मौत की जानकारी मैसेज से दी।
न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी, पार्ट-2, सुखराम हॉस्पिटल रोड, पलवल, हरियाणा निवासी सुनील कुमार भारद्वाज सैफई अस्पताल से एमडी फाइनल कर रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी परमजीत (29) एसएन मेडिकल कॉलेज में एमडी फाइनल की छात्रा थीं। वह कोतवाली के चर्च कंपाउंड स्थित किराए के मकान में रहती थीं।
25 मार्च की रात को परमजीत ने अपने कॉलेज की दोस्त साधना को मोबाइल पर सुसाइड नोट भेजा था। इसके बाद फांसी लगा ली थी। सहेली ने कमरे में पहुंचकर उन्हें उतारा था। इसके बाद परिजन आए थे। परमजीत को होश नहीं आ सका है। इस पर परिजन गुरुग्राम के अस्पताल में ले गए।