वृंदावन मथुरा रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। शनिवार को वृंदावन की सड़कें जाम रहीं। सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लगी रही। लोग जहां थे वहां घंटों खड़े रहे। न ट्रैफिक पुलिस का कोई जवान दिखाई दिया और न कोतवाली पुलिस ही नजर आई। पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली से आम लोग परेशान होते रहे।
मथुरा मार्ग पर पागल बाबा मंदिर के समीप लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। जाम में फंसे लोग पुलिस को कोसते दिखे। इधर, सौ शैया संयुक्त जिला अस्पताल के सामने भी जाम रहा। अटल्ला चुंगी पर भी वाहनों का जाम लगा रहा। लोग जाम में फंसकर परेशान होते रहे।
इधर, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वृंदावन की सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर तैयारियों में लगे पुलिस प्रशासन ने शनिवार की शाम से वृंदावन में बड़े और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया। नई यातायात व्यवस्था के तहत नेशनल हाईवे दो की ओर से वृंदावन आने वाले बड़े वाहन छटीकरा मार्ग पर मां वैष्णो देवी मंदिर के समीप और छोटे चार पहिया वाहनों को रुक्मिणी बिहार पार्किंग पर रोका गया।
मथुरा से आने वाले बड़े और चार पहिया वाहनों को धौरेरा के समीप हासानंद गोशाला की खाली भूमि पर एवं चार पहिया वाहनों को पागल बाबा के समीप दारुक पार्किंग पर पार्क कराए जाएंगे। जबकि यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले बड़े वाहन पुल से पूर्व बांके बिहारी भोजनालय के समीप और छोटे वाहन पुल पार करने के बाद बनी पार्किंग स्थल पर खड़े कराए गए।