वृंदावन (मथुरा)। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के हॉस्टल में फंदे पर लटकी मिली छात्रा की मौत के मामले में दादी ने हॉस्टल वार्डन और प्रिंसिपल के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदा लगाना आया है।
विदित है कि आगरा के नगला पदी दयालबाग की रहने वाली रश्मि रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल के निवेदिता नर्सेस हॉस्टल के कमरा नंबर जी-11 में अपनी एक रूम मेट स्वर्ण दीपा दत्ता के साथ रह रही थी। रश्मि ने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। रश्मि की मौत के लिए उसके चाचा ने वार्डन को दोषी ठहराया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को मृतका की दादी मन्नो देवी ने नर्सेज हॉस्टल की वार्डन और प्रिंसिपल के विरुद्ध टार्चर करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है। इधर, फांसी पर लटकने से पहले छात्रा ने कलाई की नस भी काटी थी।
छात्रा की मौत के मामले में परिजनों के प्रार्थनापत्र पर वार्डन और प्रिंसिपल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, विवेचना की जा रही है।
- विजय मिश्रा, कोतवाली प्रभारी वृंदावन