एक्सप्रेसवे पर लगा जाम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
त्योहार पर अपने घर पहुंचने की जल्दी में निकले लोगों को जाम ने परेशान कर दिया। वाहनों में सवार बच्चे और महिलाएं भी काफी देर तक जाम में फंसे रहे। पानी तथा खाने की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। जाम में फंसे वाहन चालकों ने बताया दिवाली पर परिवार के साथ घर पहुंचने के लिए निकले हैं, लेकिन टोल प्लाजा पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बच्चों और महिलाओं के साथ यात्रा करने के दौरान जाम में फंसने से परेशानी अधिक हो रही है। वाहन चालकों को उम्मीद थी कि जल्द ही जाम से राहत मिलेगी, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण कतारें लगातार लंबी होती चली गईं। जाम की सूचना मिलने पर थाना फतेहाबाद पुलिस सहित यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित कराने के साथ ही यातायात सुचारू करने का प्रयास किया।
एक्सप्रेसवे पर लगी वाहनों की कतार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की कतार
दिवाली का त्योहार मनाने के लिए दिल्ली-एनसीआर और नोएडा में रह रहे लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। शनिवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने से खंदौली स्थित टोल प्लाजा पर भीषण जाम लग गया। नोएडा की ओर से आगरा आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शाम करीब 6:30 बजे से टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति बनने लगी। जाम में फंसे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिवार के साथ त्योहार मनाने की उम्मीद लेकर दिल्ली और नोएडा से आगरा, मथुरा सहित आसपास के जिलों में लौट रहे लोगों को टोल प्लाजा पर काफी इंतजार करना पड़ा। वाहनों का दबाव इतना अधिक था कि टोल प्लाजा की सभी 28 लेन चालू रखने के बाद भी जाम से राहत नहीं मिल सकी। सभी लाइनों पर वाहनों का संचालन होने के बावजूद लगातार बढ़ती संख्या के चलते यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सीनियर टोल मैनेजर तुलसीराम गुर्जर ने बताया कि सामान्य दिनों में टोल प्लाजा से करीब 25 हजार वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। शुक्रवार को करीब 37 हजार वाहन निकले थे, जबकि शनिवार को करीब 45 हजार से अधिक वाहन टोल प्लाजा से गुजरने की उम्मीद है। इस तरह दो दिनों में कुल 82 हजार वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। सामान्य दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होने से टोल प्लाजा पर यातायात प्रभावित हुआ। त्योहार पर घर लौटने की जल्दी में निकले यात्रियों को जाम के चलते अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगाना पड़ा। देर शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहने से एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।