शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास खड़े ट्रैक मेंटेनेंस कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग के बीच सिलिंडर धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। एक यात्री घायल हो गया।
शिकोहाबाद में ट्रैक मेंटिनेंस कोच में लगी भीषण आग की घटना में एक रेलयात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेन लेट होने के कारण वह कोच में लगी आग की घटना की मोबाइल से वीडियो बना रहा था। उसी दौरान कोच के अंदर रखे सिलिंडर के फटने से वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसको शिकोहाबाद में प्राथमिक उपचार देने के बाद फिरोजाबाद रैफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
शिकोहाबाद के मालगोदाम के पास शंटिंग लाइन पर ट्रैक मेंटिनेंस स्टाफ के आठ कोच खड़े हुए थे। जिनमें से एक कोच में दोपहर एक बजे करीब अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि कोच में स्टाफ नहीं था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कोच में लगी आग को बुझाने का फायर ब्रिगेड की टीम प्रयास करने के लिए पहुंची। उसी दौरान 1:25 बजे करीब कोच में तेज धमाका हुआ। कोच के अंदर रखे हुए दो सिलिंडर में से एक सिलिंडर फट गया।
विज्ञापन
कोच से कुछ दूरी पर खड़े होकर आग की घटना को मोबाइल में कैद कर रहा रेलयात्री राहुल पुत्र दयाशंकर निवासी नगला श्वेता थाना एका जनपद फिरोजाबाद सिलिंडर फटने के दौरान सिर फटने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार देने के बाद फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
आग को बुझाने के लिए जनपद फिरोजाबाद के शिकोहाबाद, सिरसागंज, फिरोजाबाद, जसराना, टूंडला से कुल आठ फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर आग बुझाने में जुटी रहीं। जिन्होंने एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कटिंग ग्राइंडर मशीन से कोच के लॉक तोड़कर अंदर रखे हुए दोनों सिलिंडरों को बाहर निकाला। इस घटना की प्रयागराज डिवीजन के अधिकारी पल-पल की अपडेट लेते रहे।
घटना के दो घंटे बीतने के बावजूद टूंडला डिप्टी सीटीएम अमित आनंद मौके पर नहीं पहुंचे। इस दौरान एसडीएम शिकोहाबाद राजेश शुक्ला, तहसीलदार सिरसागंज कीर्ति चौधरी, नायब तहसीलदार मोहम्मद अजीम, इंस्पेक्टर शिकोहाबाद अनुज कुमार राणा, स्टेशन अधीक्षक राजेश्वर सिंह समेत आरपीएफ-जीआरपी समेत स्थानीय रेलवे स्टाफ मौजूद रहा।