पिनाहट। क्षेत्र के मोदीपुरा गांव में दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकाल देने का आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मायका पलोखरा में रहने वाली प्रीति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व मोदीपुरा निवासी संदेश जाटव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराली के अन्य लोग दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। ससुराल के लोग रुपये और मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं किए जाने पर उसकी पिटाई की। पीटकर घर से निकाल दिया। किसी तरह वह मायके पलोखरा पहुंची।
मायकेवालों के साथ पिनाहट पहुंचकर घटना की तहरीर दी। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति संदेश, सास विमला देवी, ससुर भगवानदास, देवर ओमकार, आकाश और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।