फिरोजाबाद। दिवाली का पांच दिवसीय महोत्सव मंगलवार को धनतेरस के साथ शुरू होगा। धनतेरस के लिए बाजार सजकर तैयार है। दुकानदारों ने आकर्षक सामान से दुकानें सजा ली हैं। कोरोना के कारण दो साल बाद इस बार व्यापारियों को धनतेरस पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
कोरोना के बाद इस बार दिवाली को लेकर लोगों में उत्साह है। दिवाली के लिए इस बार 15 दिन पहले ही खरीदारी शुरू हो चुकी है। हालांकि लोग धनरतेरस पर खरीदारी करना शुभ मानते हैं। ऐसे में धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजारों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। व्यापारी भी बाजार में ग्राहकों की संख्या को देखकर खरीदारी अच्छी होने की उम्मीद लगा रहे हैं।
बर्तन बाजार: दो करोड़ से ज्यादा बिक्री की उम्मीद
धनतेरस पर बर्तन खरीदना शगुन माना जाता है। ऐसे में बर्तन की दुकानें सजकर तैयार हैं। व्यापारियों ने नई डिजाइन के स्टील के बर्तन के साथ गिफ्ट आइटम मंगाए हैं। इस बार महंगाई जरूर है। हालांकि व्यापारियों को इस बार अच्छे व्यापार की उम्मीद है। बर्तन व्यापारी दिनेशचंद्र का कहना है कि धनतेरस पर दो करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री होने की उम्मीद है।
सराफा बाजार: 10 करोड़ का कारोबार होने की आस
सोने के भाव भले ही आसमान छू रहे हो लेकिन सराफा व्यापारी 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री की उम्मीद लगाए हैं। श्री सराफा कमेटी के कोषाध्यक्ष नीरज बौहरे ने बताया कि बाजार में चांदी के गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों के साथ अलग-अलग आकार के सोने, चांदी के सिक्के ग्राहकों को लुभाएंगे। ज्वेलरी खरीदने के लिए भी लोग धनतेरस का इंतजार करते हैं। डायमंड ज्वेलरी आजकल ज्यादा ट्रेंड में हैं। सोने के भाव ज्यादा है तो हल्के वजन में अच्छी डिजाइनों के आभूषण लोग खरीदकर ले जाते हैं। करीब 10 करोड़ से ज्यादा व्यापार होने की उम्मीद है।
ऑटोमोबाइल: दो हजार से अधिक गाड़ियों की बुकिंग
धनतेरस पर लोग वाहन खरीदना शुभ मानते हैं। वाहनों की बुकिंग पहले ही हो चुकी हैं लेकिन धनतेरस पर लोग बाइक और कार की डिलीवरी लेंगे। ऐसे में जिले के शोरूम भी सजकर तैयार हैं। उद्योग व्यापार मंडल ऑटोमोबाइल्स विंग के उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि धनतेरस पर लोग एडवांस बुकिंग करा चुके हैं। इस बार तीस करोड़ का रुपये व्यापार होने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रोनिक्स: 10 से 12 करोड़ की बिक्री की उम्मीद
दिवाली पर लोग इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों की भी खूब खरीदारी करते हैं। टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्री, गीजर, माइक्रोवेव, ओवन आदि के साथ ही मोबाइल और लैपटॉप की भी खूब खरीदारी होती है। ग्राहकों को लुभाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों के शोरूम को आकर्षक रूप से सजाया गया है। दुकानदारों ने भी अपने स्तर से ऑफर दिए हैं। व्यापारी अनुदीप सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में करीब 10 से 12 करोड़ रुपये का व्यापार होने की उम्मीद हैं।