मृतक की बेटी ने अपने ससुरालवालों पर जताया शक
मृतक की बेटी मंजू ने पुलिस को बताया कि पिता ने उसकी और बहन रामवती की शादी खंदौली के नगला ब्रजलाल में की थी। मगर, ससुराल में विवाद होने के कारण दोनों मायके में रह रही हैं। उनके जेठ प्रेम किशोर की वर्ष 2019 में हत्या हो गई थी।
इसमें पिता रामबाबू पर भी ससुरालियों ने हत्या का शक जताया था। पुलिस ने पिता से पूछताछ की थी। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया था। तब से ससुरालियों से रंजिश चल रही थी। वह विवाद खत्म करने के लिए कह रहे थे। एक व्यक्ति राजीनामे के लिए संपर्क कर रहा था।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि मृतक का बेटियों के ससुरालियों से विवाद चल रहा था। प्रथम दृष्टया मामला रंजिश में हत्या का लग रहा है। विवेचना की जा रही है। मृतक की बेटी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमलावर किस वाहन से आए थे, यह पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है।