आगरा कैंट स्टेशन पर साधु वेशधारी एक व्यक्ति से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया गया कि साधु वेश में व्यक्ति प्लेटफाॅर्म पर भीख मांग रहा था, तभी उसने ऐसी हरकत कर दी कि यात्रियों ने उसकी पिटाई लगा दी।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर साधु के वेश में एक व्यक्ति से मारपीट का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में प्लेटफॉर्म पर कुछ लोग साधु का वेश बनाए गए व्यक्ति की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बच्ची की मां ने व्यक्ति पर बदसलूकी का आरोप लगाया था, जिसके बाद महिला और अन्य यात्रियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
जीआरपी सीओ राजेश दीक्षित ने बताया कि जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो 13 अगस्त का है, जबकि इसे शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति यात्रियों से भीख मांग रहा था। इसी दौरान उसने एक महिला को छू दिया, जिस पर वहां मौजूद यात्रियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। उन्होंने बताया कि मामले में किसी यात्री की ओर से कोई लिखित या मौखिक शिकायत नहीं मिली है। रेलवे हेल्पलाइन पर भी घटना को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है |