मैनपुरी के थाना बिछवां क्षेत्र की रहने वाली छात्रा के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर एक युवक अश्लील तस्वीरें डालने लगा। पीड़िता की शिकायत के बाद एसपी ने साइबर सेल को खुलासे के लिए लगाया गया। शनिवार को टीम ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक छात्रा के नाम से किसी शातिर ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली। उस आईडी से छात्रा के दोस्तों व रिश्तेदारों को अश्लील तस्वीरें व मैसेज भेजने लगा। जब छात्रा और उसके परिजनों को इसका पता चला तो दंग रह गए। इस वजह से छात्रा और उसके परिवार के लोग बेहद परेशान थे।
पीड़ित छात्रा ने इसकी शिकायत थाना बिछवां में की। इसके बाद एसपी अशोक कुमार राय ने जांच साइबर सेल प्रभारी विक्रम सिंह को सौंपी थी। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को प्रभारी ने इस मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
सीओ भोगांव अमर बहादुर ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी राहुल सिंह निवासी गांव बबीना का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी स्कूल में पढ़ने वाली लड़कियों की फोटो खींचने के बाद फोटो शॉप से अश्लील वीडियो बनाकर पोस्ट करते थे। उसके साथी के बारे में जानकारी जुटाई रही है।