आगरा में हाईवे पर अवैध रूप से बसें रोकने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस और रोडवेज विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 236 बसों के चालान किए गए, जबकि 5 बसों को सीज कर आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
आगरा हाईवे पर बसों के अवैध ठहराव पर कार्रवाई के लिए यातायात पुलिस और रोडवेज विभाग ने बुधवार को कार्रवाई की। अमर उजाला ने रोडवेज बसों के अवैध ठहराव पर खबर प्रकाशित की गई थी। बुधवार को यातायात पुलिस ने चौराहों पर रोकने पर 236 बसों के चालान किए और 5 बसों को सीज कर दिया।
विज्ञापन
परिवहन निगम के अधिकारियों ने अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर लाउडस्पीकर से चेतावनी दी और सभी चिह्नित स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने खुद मोर्चा संभाला। हाईवे पर अवैध रूप से बस रोकने पर कार्रवाई की जानकारी दी गई। सभी चिह्नित स्थानों पर रोडवेज कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारी न केवल बस चालकाें को चेतावनी दे रहे हैं बल्कि बस चालकों की बसों के नंबर के साथ रिपोर्ट भी तैयार कर रहे हैं। जो भी बस चालक दोबारा बस को अवैध रूप से हाईवे पर रोक कर सवारियों को बिठाता और उतारता दिखा। उस पर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने संभाली कमान
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि निगरानी की जिम्मेदार एसीपी और टीआई को दी गई है। किसी भी बस को रोकने नहीं दिया जा रहा है। चेतावनी के बाद बस रोकने पर बुधवार को 236 बसों के चालान किए गए और 5 को सीज किया गया। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस यात्रियों को भी जागरूक करने के लिए अभियान चलाएगी।