मैनपुरी। उमस और गर्मी के बीच जिले में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बड़ी संख्या में बुखार और पेटदर्द के मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 1122 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल पहुंची पेटदर्द से पीड़ित एक महिला की मौत हो गई। वहीं तीन मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। फिजीशियन और बाल रोग विशेषज्ञ के पास बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इनमें बुखार के साथ ही पेटदर्द और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही। थाना घिरोर क्षेत्र के गांव भटाहार निवासी बदन सिंह की 36 वर्षीय पत्नी पूजा को सोमवार की सुबह अचानक पेटदर्द शुरू हुआ। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में 17 मरीज गंभीर हालत में भर्ती कराए गए। हालत बिगड़ने पर तीन मरीजों को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि पूजा को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।
-