मैनपुरी। विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर सोमवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यशाला हुई। सीएमओ डाॅ. आरसी गुप्ता ने कहा कि बुखार के साथ त्वचा का रंग पीला पड़ रहा है और उपचार के बाद भी आराम नहीं मिल रहा तो हेपेटाइटिस की जांच अवश्य कराएं। कार्यशाला में मौजूद डॉक्टरों ने भी लोगों को हेपेटाइटिस से बचने की जानकारी दी। सीएमओ ने कहा कि हेपेटाइटिस बी संक्रामक रक्त या किसी दूसरे द्रव्य पदार्थों के संपर्क में आने से फैलता है। किसी भी व्यक्ति को पीलिया, निरंतर बुखार, भूख न लगना, पेशाब में पीलापन है तो जिला अस्पताल में निशुल्क जांच कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज कराने से इस बीमारी से निजात मिल सकती है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में इसका ट्रीटमेंट सेंटर भी स्थापित है। नोडल अधिकारी डॉ. जेजेराम और डाॅ. सुमित कुमार पाल यहां भर्ती होने वाले मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
इस मौके पर सीएमएस डाॅ. मदनलाल, डाॅ. संजय अग्रवाल, डाॅ. अनिल वर्मा, डाॅ. विकास कुमार यादव, डाॅ. आरके शुक्ला, डाॅ. डीके शाक्य, डाॅ. अनुज कुमार, उदय प्रताप सिंह, प्रताप बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।