मैनपुरी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभाजन का दर्द झेलने वाले लोगों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान एक चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि देश के बंटवारे का दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता। विभाजन के समय लाखों लोगों को अपनी पहचान और संपत्ति छोड़कर विस्थापित होना पड़ा था और असंख्य लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि हमें इतिहास से सबक लेकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना होगा।
आज भी हर छोटे-बड़े शहर में ऐसी कॉलोनियां हैं, जहां विभाजन के दौरान आए लोग बसे थे। इन लोगों ने शून्य से शुरुआत करके अपनी मेहनत और लगन से अपनी पहचान बनाई है, जो सबके लिए प्रेरणा है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे इस प्रदर्शनी को देखें और देश के इतिहास को जानें, क्योंकि जो लोग अपनी सभ्यता और संस्कृति से कट जाते हैं, वे देश ज्यादा दिन तक स्वतंत्र नहीं रह सकता। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि विभाजन के दौरान लोगों ने जो पीड़ा झेली, वह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि विस्थापित लोगों को भारतीयों ने बहुत प्यार दिया और आज वही लोग हमारी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को केवल वही परिवार समझ सकते हैं, जिन्होंने उसे झेला है। उन्होंने बताया कि इस दौरान महिलाओं पर हुए अत्याचारों को पढ़कर आत्मा सिहर उठती है। इस कार्यक्रम में ओम प्रकाश खुराना, प्रकाश कुमारी, गोपाल धरेजा, अजय कुमार धरेजा, पिंकू अरोरा, दीपक अरोरा, भीम सिंह कालरा, सरदार कल्याण सिंह, हरि सिंह, रंजीत सिंह, नरेंद्र कालरा और सतनाम सिंह को सम्मानित किया गया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
भाजपा ने निकाला मौन जुलूस
मैनपुरी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देवी रोड स्थित सिद्धि विनायक मैरिज हॉल में भाजपा की संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने की। संगोष्ठी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक मौन जुलूस भी निकाला। यह जुलूस सिद्धि विनायक मैरिज हॉल से शुरू होकर नगर पालिका परिषद तक गया। इस दौरान वक्ताओं ने विभाजन के दर्द को याद किया और युवाओं से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। संवाद