उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सेना के ट्रक से कारतूस, बैग व अन्य सामान चोरी हो गया। शिलांग से आए सेना के ट्रक में असम रायफल्स के जवान सवार थे। वे दिल्ली जा रहे थे। नारखी क्षेत्र में सिक्सलेन बाईपास जलेसर मार्ग पर चोर सेना के ट्रक से 180 कारतूस और बैग चोरी कर ले गए। कारतूस चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। मामले में थाना नारखी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
असम रायफल्स यूनिट के जवान अवधेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बिहार के नालंदा निवासी जवान अवधेश कुमार ने बताया कि वह अन्य फौजियों के साथ शिलांग से दिल्ली जा रहे थे। सिक्सलेन बाईपास पर थाना नारखी क्षेत्र में रविवार रात को जलेसर मार्ग ओवरब्रिज पर सेना का ट्रक खराब हो गया। जवान उसकी मरम्मत करने लगे।
इसी दौरान ट्रक में रखी नौ मैगजीन, 180 कारतूस, डीजी (डायरेक्टर जनरल) का एक थैला, नायब सूबेदार रुद्रराय का एक बैग, ड्राइवर ताज का सैमसंग का टैबलेट चोरी हो गया। इसकी जानकारी होने पर फौजियों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना 112 पर देने के साथ ही थाना नारखी पुलिस को दी। थाना नारखी पुलिस ने अवधेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि सेना के ट्रक से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस थे। गनीमत रही कि चोर हथियार चोरी नहीं कर पाए। घटना के संबंध में थाना प्रभारी नारखी केके तिवारी का कहना है कि असम रायफल्स के जवान शिलांग से दिल्ली जा रहे थे। जलेसर रोड सिक्सलेन बाईपास पर ट्रक से 180 कारतूस सहित अन्य सामान चोरी हो गया है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं