शाही मस्जिद ईदगाह में शुक्रवार को नमाज बिना लाउडस्पीकर के अदा की गई। मस्जिद में तीन लाउडस्पीकर लगे हैं। दो बंद रहे, जबकि एक का सीमित आवाज उपयोग किया गया।
मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान के बाद अब ईदगाह मस्जिद के प्रबंधन ने भी प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप अजान के लिए अब लाउडस्पीकर की आवाज को कम कर दिया है। शाही मस्जिद ईदगाह की गुंबद पर लगे तीन लाउडस्पीकर के स्थान पर शुक्रवार को सिर्फ एक का ही उपयोग किया गया। यहां तक कि रोजा इफ्तार की नमाज के वक्त मस्जिद के अंदर छोटे लाउडस्पीकर को भी नहीं चलाया गया।
विज्ञापन
मंदिर और मस्जिदों में लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर देश भर में उठ रहे विवाद के बीच धर्म नगरी मथुरा सौहार्द का संदेश दे रही है। यहां के प्रमुख मंदिर श्रीकृष्ण जन्मस्थान से दो दिन पूर्व लाउडस्पीकर की आवाज को बंद करने की पहल के बाद शुक्रवार को ईदगाह मस्जिद ने भी आपसी भाईचारे की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया।
गुंबद पर लगे तीन में से दो लाउडस्पीकर का उपयोग करना बंद कर दिया है। इतना ही नहीं, ईदगाह मस्जिद के अंदरूनी हिस्से में नमाज के दौरान उपयोग किए जाने वाले छोटे लाउडस्पीकर का भी शुक्रवार को उपयोग में नहीं लाया गया। ईदगाह मस्जिद के संयुक्त सचिव डॉ. अबरार हुसैन ने बताया कि आपसी सद्भाव का वातावरण बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।