दिवाली पर ताजनगरी आने में जितनी जद्दोजहद की, उतनी ही मुश्किल अब लौटने की है। दिवाली के बाद आगरा से चारों दिशाओं के रेल रूट भोपाल, जम्मू, कानपुर और जयपुर रूट की ट्रेनों में रिजर्वेशन ही नहीं मिल रहा। 29 से 31 अक्तूबर के बीच लंबी वेटिंग है, जबकि मालवा, झेलम, मरूधर जैसी कई ट्रेनों में बुकिंग ही नहीं ली जा रही।
दिवाली के बाद ट्रेन से यात्रा करने में मुश्किल आ रही है। जबरदस्त भीड़ के कारण जनरल बोगी में तो जगह ही नहीं है, वहीं स्लीपर और एसी कोच में लंबी वेटिंग चल रही है। आगरा से भोपाल रूट की हबीबगंज, कर्नाटका, झेलम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, मालवा एक्सप्रेस, एपी एसी एक्सप्रेस, तमिलनाडु, गोवा, गोंडवाना, केरला, जबलपुर निजामुद्दीन, श्रीधाम एक्सप्रेस में तीन नवंबर तक लंबी वेटिंग है।
इनमें गेावा एक्सप्रेस में दिवाली के बाद 30 तारीख तक 325 तक वेटिंग है, वहीं कर्नाटका एक्सप्रेस में 245 वेटिंग चल रही है। जम्मू तवी रूट पर आगरा से होकर गुजरने वाली झेलम, मालवा एक्सप्रेस में बेहद लंबी वेटिंग है, जिस वजह से तीन नवंबर तक बुकिंग टिकट नहीं लिए जा रहे।
जयपुर, कानपुर रूट पर भी आरक्षित सीट नहीं
आगरा फोर्ट से जाने वाली जोधपुर हावड़ा, आगरा फोर्ट अजमेर इंटरसिटी, आगरा फोर्ट अजमेर एक्सप्रेस, लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, अवध और मरूधर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में स्लीपर क्लास में सीट नहीं मिल रही। मरुधर और अवध में रिजर्वेशन टिकट अब बुकिंग नहीं हो रहे। भीड़ के कारण आरएसी टिकट भी कंफर्म नहीं हो पा रहा।
भाई दूज के कारण रोडवेज बसों में आज मारामारी मचनी तय है। आईएसबीटी, ईदगाह, बिजलीघर बस अड्डे पर भाईयों के घर जाने को बहनों की भीड़ रहेगी। रोडवेज बसों में आगरा से मथुरा, नोएडा, फरीदाबाद, दिल्ली, पलवल रूट पर और आगरा से जयपुर, लखनऊ, कानपुर, इटावा, एटा, फिरोजाबाद, अलीगढ़ रूट पर यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहने वाली है।