किशनी (मैनपुरी)। लॉकडाउन के चौथे चरण में लोगों को सहूलियत देने के लिए किशनी में भी नंबर से दुकानें खुलेंगी। नगर पंचायत दुकानों पर नंबर लिखवाएगी। यह निर्णय व्यापारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया।
मंगलवार को एसडीएम रामसकल मौर्य की अध्यक्षता में व्यापारियों की बैठक हुई। एसडीएम ने कहा मेडिकल स्टोर पहले की तरह खुलेंगे। अन्य दुकानें नंबर से खोली जाएंगी। नगरपंचायत हर दुकान पर एक और दो नंबर लिखवाएगी।
बृहस्पतिवार को बाजार बंद रहेगा। नंबर से दुकानें खुलने पर बाजार में भीड कम होगी। दुकानदारों को सामान बेचने में आसानी होगी। किसी दुकान पर यदि भीड मिली तो ग्राहक और दुकानदार दोनों पर कार्रवाई होगी। दुकान सील भी की जा सकती है। बाजार में और दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन कराना जरूरी है। थानाध्यक्ष ओमहरी बाजयेयी, सुधीर गुप्ता, विनोद गुप्ता, रामबरन पांडेय, आदेश गुप्ता, प्रमोद चौहान मौजूद रहे।
करहल में भी नंबर सिस्टम लागू
करहल। करहल में भी दुकानों पर नंबर एक, दो, तीन अंकित किए गए हैं। एसडीएम रतन वर्मा ने बताया नंबर एक की दुकान सोमवार, शुक्रवार, नंबर दो वाली बुधवार, शनिवार, नंबर तीन वाली बृहस्पतिवार और रविवार को ही खुलेंगीं। दुकानें सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक ही खुलेंगीं। मंगलवार को बाजार बंद रहेंगा। हथठेल और किराने की बिक्री शाम तीन बजे तक होगी। मेडिकल स्टोर तथा क्लीनिक रोजाना खुलेंगे। ब्यूटी पार्लर, नाई, हलवाई, मांस मछली की दुकानें बंद रहेंगीं।