02एमएनपी-14-स्टेशन रोड पर दुकान का निरीक्षण करते डीएम व एसपी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने जिले को 12.50 करोड रुपये की धनराशि अवमुक्त की है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया अस्थाई आश्रय स्थलों, आम रसोईघरों, अन्य स्थानों पर पात्र व्यक्तियों को भोजन सामग्री, पका पकाया भोजन, फूड पैकेट वितरण के लिए दो करोड़, अति आवश्यक दवाओं की आपूर्ति, मेडिकल उपकरण खरीदने के लिए 50 लाख, दैनिक रूप से काम करने वाले मजदूरों के भरण-पोषण की समस्या के लिए 10 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इस धनराशि से जरूरतमंदों को पका पकाया भोजन, फूड पैकेट, खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है।
राहत राशि के लिए विवरण जमा करें
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य संन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के खाते में राहत राशि के रूप में एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता बिना कोई आवेदन प्राप्त किए अंतरित की जाएगी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया इसके लिए पंजीकृत निर्माण श्रमिक का विवरण, पंजीयन संख्या, बैंक खाता, आईएफएससी कोड सहित होना जरूरी है।
पंजीकृत निर्माण श्रमिकों, ग्राम प्रधानों, पंजीकृत कार्यरत निर्माण श्रमिकों के संविदाकार संबंधित श्रमिकों का श्रम विभाग द्वारा जारी श्रमिक पंजीकरण प्रमाण पत्र, खाता पासबुक, आईएफएससी कोड सहित श्रम विभाग में जमा होना है। श्रमिक अपने दस्तावेज व्हाट्सएप नंबर 9458760227, 9634244362, 8191889490, 9457122008 पर भेज सकते हैं। पात्र 7174 श्रमिकों के खाते में एक-एक हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी।