ओपीडी भवन में पड़ीं शराब की बोतलें
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के जिला अस्पताल के नए ओपीडी भवन में शराब की बोतलें मिलीं हैं। गुरुवार को सुबह भवन के दूसरे मंजिल पर स्थित कक्ष संख्या 207 में जहां शराब की खाली बोतलें मिलीं, वह कक्ष जनरल सर्जन के लिए बनाया गया है, लेकिन अभी इसमें कोई बैठता नहीं है।
बोतलें किसने यहां रखी, इसकी जांच कराई जा रही है। जिला अस्पताल के नए ओपीडी भवन के भूतल और प्रथम तल पर ओपीडी संचालित की जा रही है। जबकि द्वितीय तल पर अभी कक्ष संख्या 205 में ईएनटी की ओपीडी चल रही है। तल के बाकी कक्ष खाली पड़े हुए हैं।
दोपहर में जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने कक्ष में शराब की खाली बोतलें पड़ी देखीं तो इसकी जानकारी प्रमुख अधीक्षक को दी गई। प्रमुख अधीक्षक डॉ. अशोक अग्रवाल का कहना है कि भवन का अभी हस्तांतरण नहीं हुआ है। परिसर शाम को खाली हो जाता है। बाहरी लोग भी आ जाते हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।
इससे पहले बीयर की केन मिली थी
जिला अस्पताल के नए ओपीडी परिसर में इसके पहले भी बीयर की खाली केन पड़ी हुई थी। अस्पताल प्रशासन की ओर से इसकी जांच कराई गई थी। बाहरी लोगों की ओर से परिसर में बीयर पीने की रिपोर्ट दी गई थी।