मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव अंबरपुर निवासी एक व्यक्ति ने चुनाव के दौरान अपनी पिस्टल को शस्त्र की दुकान पर जमा की थी। लेकिन किसी शातिर ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर आयुध कार्यालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र हासिल कर लिया। इसके बाद दुकान पर जमा पिस्टल की बिक्री भी कर दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव अंबरपुर निवासी सुनील कुमार को वर्ष 2011 में पिस्टल का लाइसेंस जारी हुआ था। 2012 में उन्होंने लाइसेंस पर पिस्टल खरीदी थी। पंचायत चुनाव के चलते 31 मार्च 2021 को स्टेशन रोड स्थित अमित गन हाउस पर पिस्टल को जमा कर दिया था।
इस बीच उन्हें जानकारी हुई कि किसी व्यक्ति द्वारा उनके नाम से कूटरचित दस्तावेज तैयार करके व उनके लाइसेंस की द्वितीय प्रति फर्जी दस्तावेज फोटो आदि के जरिए जिलाधिकारी कार्यालय के आयुध विभाग से शस्त्र क्रय विक्रय की एनओसी प्राप्त कर ली। इस व्यक्ति ने उनकी पिस्टल उपेंद्र कुमार निवासी मोहल्ला छपट्टी को विक्रय कर दी।
कूटरचित दस्तावेज के आधार पर 18 फरवरी 2021 को जनपद इटावा के प्रद्युम सिंह आर्म्स डीलर नगर पालिका चौराहा सराय सब्जी मंडी से रिवाल्वर खरीद ली गई। इस मामले में तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने एक अज्ञात, उपेंद्र कुमार और प्रद्युम सिंह आर्म्स डीलर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।