आगरा के एत्माद्दौला के जोहराबाग में दो दिन से लोग जंगली जानवर की दहशत में हैं। पहले उसने वृद्धा पर हमले की कोशिश की मगर, वह बच गईं। इसके बाद जंगली जानवर एक गाय और कुत्ते पर पंजा मारकर भाग गया। बृहस्पतिवार को तेंदुए का हल्ला मचा तो डर की वजह से लोग घरों में कैद हो गए। पुलिस और वन विभाग की टीमें पहुंच गईं। टीम ने एक किमी तक के इलाके में छानबीन की। तेंदुए जैसे पंजे के निशान मिले हैं। अब टीम तलाश में जुटी है।
घटना मंगलवार रात लगभग 10:30 बजे की बताई गई है। जोहराबाग की गंगा देवी ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर की छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रहीं थीं। उन पर एक जानवर ने हमला किया, वह डर गईं। उन्होंने रजाई से चेहरा बाहर नहीं निकाला। मगर, हाथ से छप्पर पर लगी टिनशेड को बजाने लगीं। साथ ही जानवर को धक्का दिया। इसके बाद जानवर बाड़े में बंधी गाय और एक कुत्ते को पंजा मारकर भाग गया। बुधवार सुबह उन्होंने गाय पर निशान देखे। क्षेत्र के रविंद्र और गोविंद ने भी पीले रंग के जानवर को देखा। इससे लोगों को लग रहा है कि तेंदुआ है।
घरों के अंदर किए जानवर
तेंदुए के आने की आशंका से लोग दहशत में हैं। उन्होंने अपने जानवरों को घर के अंदर बांधना शुरू कर दिया है। बच्चों को भी बाहर नहीं निकाल रहे हैं। रात में लोग बाहर नहीं निकल रहे हैं।
एक साल पहले भी किया था हमला
बृहस्पतिवार को थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा, वन रक्षक लोकेंद्र पाल सिंह, प्रेमवीर सिंह, वन दरोगा हरविलास और दिनेश चाहर पहुंचें। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लोगों ने तेंदुए के आने की आशंका जताई है। कई जगह पर पंजे के निशान होने का दावा किया है। इसकी जांच की जा रही है। आसपास तलाश की जा रही है। एत्माद्दौला क्षेत्र में एक साल पूर्व में भी तेंदुआ आया था। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को कई दिन कवायद करनी पड़ी थी।