आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट में ताजमहल पूर्वी गेट से जामा मस्जिद तक के पहले सेक्शन के लिए फतेहाबाद रोड स्थित होटल आईटीसी मुगल की 300 वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। मेट्रो यार्ड के लिए पीएसी की जमीन लेने पर पीएसी को महुआखेड़ा शिफ्ट किया जाएगा।
महुआखेड़ा में आठ हेक्टेयर जमीन पीएसी को दी जाएगी, वहीं कास्टिंग यार्ड के लिए चिह्नित की गई महुआखेड़ा की जमीन पीएसी को देने के बाद नई जमीन की तलाश की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।
लखनऊ में प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई बैठक में ताज ईस्ट गेट से जामा मस्जिद तक काम शुरू कराने पर जोर दिया गया।
अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू
मेट्रो रेल कारपोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि कॉरीडोर-1 के पहले सेक्शन में फतेहाबाद रोड पर आईटीसी मुगल होटल के पास प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के लिए होटल आईटीसी की 300 वर्ग मीटर जमीन लेने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जमीन हस्तांतरण और अधिग्रहण की दरें तय हो चुकी हैं और जमीन के मालिक से मिलकर मेट्रो के लिए जमीन लेने की जानकारी दी जा चुकी है। जमीन की रजिस्ट्री मेट्रो के पक्ष में कराने के लिए डीएम आगरा को कार्रवाई के लिए कहा गया है।
महुआखेड़ा में शिफ्ट होगी 15वीं वाहिनी पीएसी
अपर मुख्य सचिव गृह की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया है कि आगरा विकास प्राधिकरण की महुआखेड़ा स्थित 8 हेक्टेयर जमीन 15वीं वाहिनी पीएसी शिफ्ट की जाएगी। इसमें राज्य सरकार की 1.5 हेक्टेयर जमीन राजस्व विभाग की भी है।
मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में पीएसी की वह जमीन ली जाएगी, जिसमें आफिस बने हुए हैं। मेट्रो प्रोजेक्ट का पहला कारीडोर का काम नवंबर 2021 तक पूरा करने का दावा किया गया।
कास्टिंग यार्ड के लिए तलाशी जाएगी जमीन
पहले कारीडोर में महुआखेड़ा स्थित आगरा विकास प्राधिकरण की जमीन पर कास्टिंग यार्ड बनना था, लेकिन वह जमीन पीएसी को दी जाएगी। ऐसे में बैठक में तय कि या गया कि कास्टिंग यार्ड के लिए अलग से जमीन की तलाश की जाए जो मेट्रो कारीडोर के पास हो और ग्राम समाज की हो।
जिलाधिखारी को इसके लिए जमीन तलाशने के लिए जिम्मेदारी दी गई है। आगरा मेट्रो के लिए दो लेखपालों की नियुक्ति करने की मांग की गई, जिसमें तय हुआ कि राजस्व परिषद से दो लेखपालों की तैनाती प्रतिनियुक्ति के आधार पर कराये जाने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो की प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन के एमडी कुमार केशव, निदेशक संजय मिश्रा, चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर इंद्रजीत वर्मा, अरविंद सिंह, एजीएम केके सिंह और तहसीलदार अजय आनंद वर्मा मौजूद रहे।