उत्तर प्रदेश के जनपद एटा में बृहस्पतिवार की रात भीषण हादसा हो गया। हादसे में एटा के अपर जिला जज प्रथम के पिता की मौत हो गई, जबकि जज सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन को आगरा रेफर किया गया है।
हादसा थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव मोहनपुर के समीप हुआ। अपर जिला जज प्रथम अशोक कुमार अपने पिता शिवमंदिर बर्नवाल को ट्रेन में बैठाने के लिए टूंडला छोड़ने जा रहे थे। चालक चक्रेश कार चला रहा था। जज के साथ अर्दली राजपाल भी था।
गांव मोहनपुर के समीप बैगनआर कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में अपर जिला जज प्रथम अशोक कुमार, पिता शिवमंदिर बर्नवाल, अर्दली राजपाल और ड्राइवर चंक्रेश घायल हो गए। हादसे में एक और वाहन चपेट में आ गया।