कृषि बिल के विरोध में किसानों ने शनिवार को मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल को आधा घंटे तक फ्री रखा। मुख्य मार्गों पर पुलिस तैनात होने के कारण किसान खेतों के रास्ते होकर टोल प्लाजा तक पहुंच गए और नोएडा से आगरा की ओर 15 बूथों को कब्जे में ले लिया। आधे घंटे तक हंगामा हुआ। पुलिस ने 48 किसानों को हिरासत में ले लिया। बाद में छोड़ दिया। उधर, बाजना कट के लिंक रोड के एक बूथ पर भी किसानों ने कब्जा कर लिया। वहां पांच घंटे तक टोल फ्री रखा गया।
यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल प्लाजा पर सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे किसान खेतों के रास्ते टोल फ्री करने के लिए टोल पर पहुंच गए। आधे घंटे तक टोल फ्री किया। जैसे ही टोल फ्री करने की जानकारी पुलिस-प्रशासन को हुई तो टोल से 48 किसानों को हिरासत में ले लिया गया। बसों में भरकर थाना मांट ले गए।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर तीन जगह बैरिकेडिंग तोड़कर टोल प्लाजा पर पहुंचे। पुलिस उन्हें थाना राया ले गई। मांट थाने पर चार दर्जन से अधिक किसानों की हिरासत में लिया गया। जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कहा कि 14 दिसंबर को राष्ट्रीय आह्वान पर किसान आंदोलन में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
मंडल उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह गावर ने कहा कि आगे रणनीति बनाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। नरेंद्र सिंह और अशोक चौधरी ने कहा कि सरकार किसान विरोधी है। किसान पीछे नहीं हटेगा। इस मौके पर अजय चौधरी, सुभाष चौधरी, पोला उर्फ राजवीर, सत्यवीर सिंह, मुकेश पहलवान, रिंकू चौधरी, ब्रजेश राघव, जग्गो, भजन लाल, राजवीर सिंह, राजपाल सिंह, नवाब सिंह, हरी सिंह आदि मौजूद थे।
उधर, भाकियू तहसील अध्यक्ष मांट रोहिताश चौधरी के नेतृत्व में यमुना एक्सप्रेसवे के बाजना टोल के लिंक रोड के एक बूथ को फ्री किया गया। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक करीब पांच घंटे तक बूथ टोल फ्री रहा। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसान आंदोलन के चलते यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल पर एडीएम सतीश त्रिपाठी, एसपी देहात श्रीचंद, एसडीएम मांट श्याम अवध चौहान, सीओ मांट धर्मेंद्र चौहान सहित कई थानों का पुलिस बल और पीएसी तैनात रही।
एक दिन में होता 16 लाख का नुकसान
यमुना एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट आपरेशन मैनेजर सैयद रफी अहमद रिजवी ने कहा कि मांट में एक दिन यदि एक्सप्रेसवे टोल फ्री रहता तो करीब 16 लाख रुपये का नुकसान हो जाता। शनिवार को किसानों के आंदोलन के दौरान करीब 400 गाड़ियां टोल फ्री से गुजरी हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस एक्सप्रेसवे के आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले रास्ते पर थी। इस स्थिति में किसान नोएडा से आगरा की ओर जाने वाले रास्ते पर आ गए और वहां के 15 बूथों पर कब्जा कर लिया।
घर में नजरबंद किए गए किसान नेता
नौहझील थाना क्षेत्र के कस्बा बाजना में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला उपाध्यक्ष अजय सरपंच, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष चेतन नौहबार, वेदू पहलवान को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया। जिला उपाध्यक्ष ने बताया कि वह टोल फ्री करने के लिए अपने घर में एकत्रित होकर रणनीति तैयार कर रहे थे। इसी दौरान सुबह आठ बजे घर में नजरबंद कर दिया गया, जिसकी किसानों ने घोर निंदा की।