वित्तीय वर्ष के लिए जारी किए गए 10 नए स्टैंडर्ड
दर्शानी होगी व्यापार और अन्य स्रोतों की आय
आयकर विभाग ने आयकर रिटर्न भरने के लिए 10 नए स्टैंडर्ड जारी किए हैं जो कर निर्धारण वर्ष 2015-16 के लिए लागू होंगे। व्यापार और अन्य स्रोतों से आय दर्शाने वालों को इन सभी 10 आईसीडीएस (इनकम कंप्यूटेशन एंड डिसक्लोजर्स स्टैंडर्ड्स) के बारे में बताना होगा।
यह जानकारी चार्टर्ड एकाउंटेंट आफ इंडिया की प्रत्यक्ष कर कमेटी ने आय संगणना और प्रकटीकरण मानकों पर हुए सेमीनार में दी। बाईपास रोड स्थित होटल आर्बिट इन में हुए सेमीनार में वक्ता सीए राकेश अग्रवाल और सीए राजेश मल्होत्रा ने बताया कि इन स्टैंडर्ड का उद्देश्य आय की गणना में एकरूपता लाना है। अगर कोई करदाता आईसीडीएस नहीं अपनाता तो आयकर विभाग उसका कर निर्धारण धारा 144 में बेस्ट जजमेंट असिसमेंट के रूप में कर देगा। दि इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड एकाउंटेंट आफ इंडिया के एकाउंटिंग स्टैंडर्ड के आधार पर बनाए गए आईसीडीएस कर योग्य आय की गणना के लिए बनाए गए हैं। चार्टर्ड एकाउंटेंटों को न केवल एकाउंटिंग स्टैंडर्ड बल्कि आईसीडीएस का भी ध्यान रखना होगा।
इससे पहले सेमीनार का उद्घाटन शाखा अध्यक्ष सीए अमित बंसल, प्रत्यक्ष कर कमेटी अध्यक्ष सीए राकेश अग्रवाल और वक्ता सीए राजेश मल्होत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अंकित श्रीवास्तव, मनोज कुमार खुराना, आशीष जैन, पवन गोयल आदि मौजूद रहे। संचालन सीए रोहित दुआ ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीए मोहन कुकरेजा ने किया।
सीए विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण
सेंट्रल इंडिया चार्टर्ड एकाउंटेंट्स स्टूडेंट एसोसिएशन (सिकासा) की आगरा शाखा के सीए विद्यार्थियों ने कोसीकलां की वेकमेट इंडिया में औद्योगिक भ्रमण किया। कंपनी के डीजीएम गोविंद प्रसाद, अजय शर्मा, नवीन मिश्रा आदि ने सीए छात्रों को कंपनी के उत्पादन और काम के बारे में बताया। सिकासा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने बताया कि 50 सीए विद्यार्थियों ने इंडस्ट्री का भ्रमण किया। इस दौरान सीए सुदीप जैन तथा विद्यार्थियों में तनु अग्रवाल, आयुष गोयल, शुभम जैन, शौर्या मिश्रा, अर्पित अग्रवाल, प्रशांत वर्मा आदि मौजूद रहे।