फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कासगंज बवालः दिनभर रहा अमन, रात को फिर आगजनी

Tue, 30 Jan 2018 10:42 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला कासगंज
विज्ञापन
खोखे में लगाई आग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
26 जनवरी की सुबह से 28 की रात तक सांप्रदायिक हिंसा की आग में झुलसने के बाद चौथे दिन सोमवार को शहर ने अमन की ओर कदम बढ़ा दिया। हालांकि एक बार फिर रात को आगजनी की गई। माल गोदाम रोड पर दस बजे खोखा फूंक दिया गया। अभी भी तनाव बना है। वहीं कासगंज में चंदन गुप्ता की हत्या के मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की तैयारी कर ली है। सोमवार को मृतक चंदन की शोकसभा में लोगों ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। 
विज्ञापन


बता दें कि कासगंज में रविवार शाम को शहर ने अमन की ओर कदम बढ़ाए। लेकिन, उपद्रवियों ने रात में शांति की कोशिशों पर फिर पानी फेर दिया। शनिवार देर रात से रविवार रात तक शहर-देहात में छह जगह आगजनी की गई। रविवार को लखनऊ में डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई करने की बात कही। 
 
सोमवार को प्रदेश सरकार के प्रवक्ता व स्वास्‍थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कासगंज में हालात सामान्य होने व दुकानों के खुलने की बात कही लेकिन शहर में बाजार और स्कूल आंशिक रूप से खुले। शाम को चंदन के लिए शोक सभा का आयोजन किया गया। बवाल की आशंका के चलते शोकसभा स्थल के पास काफी फोर्स तैनात रहा। 
विज्ञापन


इधर, स्‍थानांतरण के तुरंत बाद एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने कासगंज पहुंचकर चार्ज संभाल लिया। सोमवार को दिन में हिंसा की वारदात सामने नहीं आई। पुलिस ने चंदन की हत्या के मुख्‍य आरोपी वसीम सहित अन्य की गिरफ्तारी न होने पर कुर्की की तैयारी कर ली है। सोमवार शाम तक हिंसा के मामले में अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया। अब तक कुल 118 ‌लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी हैं। 6 एफआईआर मामले में दर्ज की जा चुकी हैं।

मौके पर पुलिस - फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सोमवार को डीएम आरपी सिंह 20 लाख की सहायता राशि का चेक देने मृतक चंदन के घर पहुंचे तो उन्हें परिवारीजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। पहले तो परिवारवालों ने चेक लेने से इनकार कर दिया। वे चंदन को शहीद का दर्जा दिलाने और मुख्यमंत्री योगी को उनके घर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। 

इसी बीच डीएम ने 20 लाख की सहायता राशि का चेक चंदन के पिता सुशील गुप्ता के हाथों में रख दिया। बाद में प्रबुद्ध लोगों के समझाने पर उन्होंने चेक रख लिया लेकिन परिवार अब भी अपनी बाकी मांग पर अड़ा है।

पुलिस ने अब मामले में 112 लोगों को गिरफ्तार किया है। स्‍थानीय लोग निर्दोषों की रिहाई की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि जब तक पुलिस निर्दोषों को रिहा नहीं करती बाजार नहीं खुलेंगे। वहीं शहर में बैंक खुले हैं लेकिन उनमें शटर बंद करके काम हो रहा है। 

उपद्रव की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। रविवार दोपहर को एडीजी आगरा जोन अजय आनंद और आयुक्त अलीगढ़ मंडल सुभाष शर्मा के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। इसके बाद सब्जी मंडी में कुछ दुकानें खुलीं, लेकिन दहशत और तनाव के चलते ज्यादातर बाजार बंद रहे।

पांच केस दर्ज

डीजीपी ओपी सिंह - फोटो : amar ujala
इस बीच, 26 जनवरी को मारे गए अभिषेक की हत्या के मुख्य आरोपी वसीम के घर दबिश के दौरान पिस्टल और देसी बम मिलने से सनसनी फैल गई। मोहल्ला गंदा नाला से भी बंदूक बरामद की गई। कासगंज में उपद्रव के बाद अब तक पांच केस दर्ज किए गए हैं। 
 

एक 26 जनवरी को हुई अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन की हत्या के मामले में। दूसरा, बंदूक की बरामदगी का। तीसरा, आगजनी और चौथा मुकदमा शांति भंग की आशंका में दर्ज हुआ है। अभी तक 31 लोग उपद्रव में और 81 शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किए गए हैं। रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान डीजीपी ओपी सिंह कहा कि कासगंज हिंसा के आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन

अलीगढ़ कम‌िश्‍नर बात करते हुए - फोटो : अमर उजाला
गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान बड्डू नगर में दो समुदायों के बीच टकराव हुआ था। इसकी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गई है। अलीगढ़ रेंज के आईजी ने बताया कि इसे देखा जा रहा है। 

ऐसा नहीं लग रहा कि तिरंगा यात्रा को रोके जाने से बवाल हुआ। झगड़े की वजह दोनों पक्षों की ओर से की गई नारेबाजी रही है। रविवार के हालात को देखते हुए प्रशासन ने निर्णय लिया कि सोमवार को स्कूल-कालेज खुलने दिए जाएंगे। 

हालांकि, शनिवार को बंद की गई इंटरनेट सेवा पर रविवार रात को पाबंदी रही। सोमवार सुबह पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बाजारों को भी खुलवाने के लिए अपील करेंगे। पुलिस-प्रशासन का मानना है कि सोमवार को हालात और सुधरेंगे। 

आयुक्त अलीगढ़ मंडल  सुभाष शर्मा का कहना है कि पूरे मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराई जा रही है। बलवाइयों को चिन्हित कर लिया गया है। घटना के कारणों का भी पता किया जा रहा है। हालात अब सामान्य हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें