कासगंज के सहावर कोतवाली क्षेत्र में कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियारों के तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से दस हथियार, कारतूस और चरस बरामद की है। यह जानकारी एसपी ने दी। उन्होंने पुलिस पार्टी को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है। गिरफ्तार तस्कर को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
एसपी अंकिता शर्मा, एएसपी राजेश भारती ने बताया कि सीओ सहावर शाहिदा नसरीन के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चेकिंग के दौरान सहावर, गंजडुंडवारा रोड पर अवैध हथियारों के तस्कर मेहराज निवासी मोहल्ला काजी को गिरफ्तार किया। मौके से उसके पास से एक तमंचा 315 बोर व 2 कारतूस बरामद हुए। पुलिस टीमों ने जब पूछताछ की तो तस्कर मेहराज ने और शस्त्र होने की बात कबूली। इसके बाद पुलिस तस्कर मेहराज को लेकर उसके घर पहुंची और हथियारों का जखीरा घर से बरामद किया। पांच पौनिया 315 बोर एवं 12 बोर, 2 तमंचा 315 बोर, एक पिस्टल साइलेंसयुक्त 32 बोर, एक तलवार एवं दो एयरगन .22 बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने घर से दस कारतूस 315 बोर, 12 कारतूस 12 बोर, 8 कारतूस 9 एमएम व 3 कारतूस अलग-अलग बोर के बरामद हुए। इसके अलावा 650 ग्राम नशीला पदार्थ चरस बरामद किया गया। एसपी ने सहावर के इंस्पेक्टर प्रवेश राना, निरीक्षक अपराध दिनेश चंद्र, सर्विलांस प्रभारी प्रेमपाल सिंह, एसओजी प्रभारी विनय कुमार शर्मा की टीम को सराहनीय कार्य के लिए 25 हजार के इनाम की घोषणा की है।
तस्कर पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
हथियार तस्कर मेहराज पर जिले में कई मामले दर्ज हैं वहीं दिल्ली में भी उस पर एक हत्या का मामला दर्ज रहा है। एसपी अंकिता शर्मा के मुताबिक हरियाणा राज्य में भी मुकदमे हो सकते हैं, लेकिन हरियाणा का आपराधिक इतिहास नहीं मिल पा रहा। उन्होंने बताया कि तस्कर पर जानलेवा हमला, हत्या, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट व मादक द्रव्य अधिनियम के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अन्य तस्करों को कर रही चिह्नित
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस की टीमें हथियार तस्कर के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। तस्करी करने के लिए हथियार कहां से खरीदे जा रहे थे और कहां उनकी सप्लाई की जा रही थी। उन्होंने बताया कि कुछ जानकारी मिल सकी है जो अभी गोपनीय है। जिन पर जांच की जा रही है।