सोरोंजी(कासगंज)। ग्राम अगोली में एक विवाहिता की ससुरालीजनों ने फांसी लगाकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। देर सांय पोस्टमॉर्टम गृह पहुंचे पिता पुत्री के शव को देखते ही करुण क्रंदन करने लगे।
बदायूं के हरी नगला निवासी अमरवती (20) पुत्री सूरज पाल का विवाह इसी वर्ष ग्राम अगोली निवासी अजय कुमार पुत्र हाकिम सिंह के साथ हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन उसका दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। शुक्रवार को सुबह उसकी हत्या करने के बाद ससुरालीजन मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने मामले की जानकारी विवाहिता के मायके वालों को दे दी। इसके बाद मृतका के बहनोई उझानी के ग्राम बरी नगला निवासी देवराज मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। इसके साथ ही मामले की जानकारी रुद्रपुर में रहने वाले उसके पिता को दे दी गई। सूचना पर देर सांय तक मायके पक्ष के लोग पोस्टमॉर्टम गृह पर पहुंच गए। बेटी का शव देखते ही पिता दर्द से कराह ऊठा।
कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र शर्मा ने बताया कि विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या की गई है। उसका शव चारपाई पर पड़ा मिला है। ससुरालीजन फरार हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।