छज्जू लाए.. खाट के पाए, मार-मार लट्ठन.. झूर कर आए..जैसे नारों के साथ मथुरा में चतुर्वेदी समाज ने कंस के पुलते को लाठियों से मारा। मंगलवार की शाम शहर के प्रमुख कंस वध मेले का आयोजन किया गया। कंस वध मेले के सहभागी बनने के लिए देश और विदेश से चतुर्वेदी समाज के सैकड़ों लोग मथुरा पहुंचे।
श्री माथुर चतुर्वेद परिषद की ओर से कोविड की गाइडलाइन के अनुसार मंगलवार की शाम कंस के पुतले को डाकघर के सामने कंस टीले पर ले जाया गया। इसी बीच ठाकुर जी की सवारी गाड़ी में बैठकर कंस टीले के पीछे अंतापाड़ा पहुंची। ठाकुर जी के इशारे पर चतुर्वेदी समाज के लोगों ने कंस को लाठियों से झूरना शुरु कर दिया।
चतुर्वेदी समाज के लोगों ने कंस्सा मार मधुपुरी आए, कंसा के घर के घबराए आदि गीत गाते हुए कंस टीले पर आनंद लिया। मेले को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग होलीगेट से लेकर छत्ता बाजार में जमे रहे। आयोजकों ने बताया कि कंस वध मेले में प्रशासन द्वारा सहयोग किया गया है। लोगों ने भी सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए इस मेले का आनंद लिया।