आगरा के नए बने 43वें थाने कमला नगर का उद्घाटन सोमवार को नहीं हो सका। मंत्री चेतन चौहान के निधन पर शोक होने की वजह से कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। एडीजी जोन अजय आनंद इसका उद्घाटन करेंगे। थाना के पहले प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा को बनाया गया है। वह थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक थे।
कमला नगर थाना बनाने की मांग लोग लंबे समय से करते आ रहे थे। इस पर शासन को प्रस्ताव भेजा गया। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद बल्केश्वर चौकी में थाना बनाने की तैयारी की गई। कमला नगर थाने में बृज विहार, कमला नगर और बल्केश्वर पुलिस चौकी को रखा गया है।
तीनों चौकियों के प्रभारी वही रहेंगे जो पहले थे। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि मंत्री और क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर शोक के कारण कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। सोमवार को थाना लोहामंडी के निरीक्षक नरेंद्र शर्मा को कमला नगर थाना का निरीक्षक बनाया गया है।
निरीक्षक सहित 27 पुलिसकर्मी
एसएसपी के मुताबिक, कमला नगर थाने में एक प्रभारी निरीक्षक, तीन चौकी प्रभारी, दो दरोगा, तीन हेड कांस्टेबल, 17 आरक्षी और एक महिला आरक्षी को तैनात किया गया है। यह सभी पहले न्यू आगरा थाने में तैनात थे। कमला नगर में चोरी और लूट की घटनाएं अधिक होती हैं। इन्हें रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
शहर में हो गए 18 थाने
हरीपर्वत सर्किल में चार थाने हो गए हैं। इनमें हरीपर्वत, सिकंदरा, न्यू आगरा और कमला नगर थाना हैं। शहर में अब 18 थाने हो गए हैं। इस तरह से जिले में 43 थाने हो गए। हाल ही में जिले में रेंज साइबर क्राइम थाना और विजिलेंस थाना भी खोले गए हैं। हालांकि यह थाने जिला पुलिस के अंतर्गत नहीं आते हैं।